जामताड़ा प्रशासन का SIR को लेकर बड़ा एक्शन प्लान

Update: 2026-06-23 12:48 GMT

Jharkhand: जामताड़ा (झारखंड) में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. बैठक में एसडीओ अनंत कुमार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल नहीं होना चाहिए. पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने पर जोर दिया गया.

एसडीओ ने बताया SIR का मुख्य उद्देश्य

अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने कहा कि SIR का मूल उद्देश्य एक सटीक मतदाता सूची तैयार करना है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सही सत्यापन करें और किसी भी पात्र नागरिक का नाम सूची से बाहर न जाए.

भौतिक सत्यापन में दस्तावेज की जरूरत नहीं

प्रशिक्षण में बताया गया कि प्रारंभिक चरण में बीएलओ केवल मतदाताओं की भौतिक उपस्थिति और जानकारी का सत्यापन करेंगे. इस दौरान किसी प्रकार के दस्तावेज की मांग नहीं की जाएगी. दस्तावेज केवल तब मांगे जाएंगे जब प्रारूप सूची में किसी प्रकार की विसंगति सामने आएगी.

2003 की सूची से जुड़े मतदाताओं को राहत

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिन मतदाताओं या उनके माता-पिता का नाम वर्ष 2003 या उससे पहले की मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें पूर्व-सत्यापित माना जाएगा. ऐसे मामलों में केवल वर्तमान निवास की पुष्टि की जाएगी.

घर-घर सर्वे और समय-सारिणी तय

SIR-2026 की प्रक्रिया के तहत 30 जून से 29 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे. इसके बाद 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी और 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम सूची जारी की जाएगी.

निष्पक्ष और त्रुटिरहित सूची पर जोर

बैठक में अधिकारियों ने बीएलओ और पर्यवेक्षकों को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार निष्पक्ष रूप से किए जाएं, ताकि एक सटीक और विश्वसनीय मतदाता सूची तैयार हो सके.

Tags:    

Similar News