Jamshedpur जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर में 35 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना रविवार रात को मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड पर हुई। पुलिस ने बताया कि संतोष सिंह अपने घर के पास था, तभी मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए हथियारबंद लोगों ने उस पर गोलियां चला दीं। वह भागने में सफल रहा और पास के एक घर में घुस गया, लेकिन बंदूकधारियों ने उसका मोटरसाइकिल से पीछा किया और उसे गोली मार दी। सिंह को तीन गोलियां लगने के बाद एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधीक्षक (शहर) कुमार शिबाशीष ने डीएसपी भोला प्रसाद के साथ रात में घटनास्थल का दौरा किया। प्रसाद ने कहा कि अपराधियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्या का कारण पुरानी रंजिश हो सकती है और इसकी जांच की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि सिंह और उसका भाई हत्या के एक मामले में जेल में बंद थे।