झारखंड में मौसम विभाग ने जारी किया आंधी-पानी का येलो अलर्ट, तीन दिन बाद दिखेगा मानसून का असर

झारखंड में अभी मौसम में बदलाव के साथ मानसून पूर्व एवं मानसून के बीच का संक्रमण काल चल रहा है।

Update: 2022-06-13 05:07 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। झारखंड में अभी मौसम में बदलाव के साथ मानसून पूर्व एवं मानसून के बीच का संक्रमण काल चल रहा है। ऐसे में खराब मौसम की तीव्रता और बढ़ सकती है। आने वाले तीन दिन में झारखंड में मानसून का असर दिखने लगेगा। राज्य के रांची समेत उत्तर पूर्वी, दक्षिणी और इसके समीप के मध्य भाग में कुछ जगहों पर सोमवार को आंधी चलने, वज्रपात, मेघ गर्जन का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 13 जून के लिए उत्तर पश्चिमी भाग में लू चलने के आसार हैं।

वहीं 15 और 16 जून को राज्य में कुछ स्थान पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चलने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इधर मौसम केंद्र के मुताबिक रविवार को रांची और मेदिनीनगर में लू चलती रही। मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 44.6 और रांची का 40.4 डिग्री सेसि रहा, लेकिन मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.3 और रांची का 6.0 डिग्री सेसि ज्यादा रहा। जिस कारण दोनों शहरों समेत कुछ अन्य जगहों पर लू चलती रही।
पिछले 24 घंटे में बोकारो के चंद्रपुरा में सबसे अधिक बारिश 37.0 मिमी रिकॉर्ड किया गया। वहीं राज्य के उत्तर पूर्वी भाग में एक-दो स्थान पर भीषण लू और उत्तर पश्चिमी एवं दक्षिणी भाग में लू की स्थिति बनी रही।
दोपहर बाद आंधी-बारिश की चेतावनी
मौसम विज्ञान केंद्र रांची ने अगले दो-तीन दिनों तक तेज आंधी और बारिश की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून मध्य अरब सागर के कुछ और हिस्सों, पूर्व गोवा, कोंकण के कुछ क्षेत्रों और कर्नाटक के कुछ भागों में आगे बढ़ गया है। झारखंड में 15 जून के बाद इसके आने की संभावना जताई जा रही है।


Tags:    

Similar News