Hazaribagh: मूर्ति विसर्जन के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प,इलाके में अफरा-तफरी
Hazaribagh हजारीबाग : झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी ब्लॉक इलाके में सरस्वती पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन के दौरान दो गुटों के बीच झड़प और पत्थरबाजी की घटना हुई। घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग के डीसी शशि रंजन और एसपी अंजनी अंजन मौके पर पहुंचे। देर रात भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। हजारीबाग एसपी के मुताबिक, फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है।
हजारीबाग जिले के केरेडारी ब्लॉक के बेल्टू गांव में सरस्वती पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान पत्थरबाजी की घटना से इलाके में दहशत फैल गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक स्थिति बिगड़ गई, जिससे पत्थरबाजी हुई और कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पत्थरबाजी के बाद विसर्जन जुलूस में शामिल लोग तितर-बितर हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने का काम शुरू किया। प्रशासन ने इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।