Hazaribagh: सीसीएल आउटसोर्सिंग कंपनी के वाहन आगजनी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार
Hazaribagh हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग के चरही थाना क्षेत्र में 24 अगस्त को सीसीएल की आउटसोर्सिंग कंपनी अरविंद कोलियरीज लिमिटेड के व्यू प्वाइंट पर कुछ अपराधियों ने हमला कर दिया। करीब 8 से 10 अपराधियों ने ट्रकों और गाड़ियों में आग लगा दी, जिससे 3 हाइवा और 3 पिकअप वाहन पूरी तरह जल गए। इस हमले में कंपनी का एक कर्मचारी भी घायल हो गया और कंपनी को भारी नुकसान हुआ।
इस घटना की सूचना मिलने पर चरही पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन के निर्देश पर एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया, जिसे इस मामले की जांच सौंपी गई। पुलिस ने अपनी गुप्त सूचना के आधार पर 9 सितंबर 2025 को छापेमारी कर हजारीबाग के विभिन्न गांवों से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने 6 जिंदा गोलियां, 7 टीपीसी के पर्चे, एक बोलेरो गाड़ी और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पूछताछ के दौरान सभी आरोपियों ने इस हमले में शामिल होने की बात कबूल की है। गिरफ्तार लोगों में इमदाद रज़ा (21 वर्ष), सचिन कुमार रविदास (24 वर्ष), अफसर आलम (21 वर्ष), अजमत अंसारी (22 वर्ष), साहिल रज़ा (18 वर्ष), रामप्रवेश यादव (30 वर्ष) और सुनील कुमार दास (29 वर्ष) शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने भविष्य में इस तरह के अपराधों पर नियंत्रण के लिए व्यापक और सतर्क अभियान चलाने का भी आश्वासन दिया है