Jharkhand: गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट बाजार में शनिवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। मेन रोड पर लगातार लग रहे जाम और लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को बुलडोजर की मदद से हटाया गया, जिससे बाजार क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त किया जा सके और आवागमन सुचारु हो सके।
यह कार्रवाई सीओ अमित किस्कू के नेतृत्व में की गई। प्रशासनिक टीम ने सुबह करीब 10 बजे से अभियान शुरू किया, जिसमें पुलिस बल भी बड़ी संख्या में मौजूद रहा। कार्रवाई से पहले माइक के जरिए दुकानदारों और स्थानीय लोगों को चेतावनी दी गई और स्वयं अपना सामान हटाने का समय दिया गया। इसके बावजूद जो लोग अतिक्रमण नहीं हटा पाए, उनके ठेले, टेंट, टिन शेड और अस्थायी दुकानों को जेसीबी से हटा दिया गया।
प्रशासन की इस कार्रवाई में करीब 50 मीटर तक फैले अवैध निर्माण और अतिक्रमण को हटाया गया। इसमें सीढ़ियां, अस्थायी ढांचे और सड़क किनारे लगे ठेले भी शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि बाजार में अतिक्रमण के कारण रोजाना जाम की स्थिति बनती थी, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और एंबुलेंस को भी परेशानी होती थी। कई बार दुर्घटना का खतरा भी पैदा हो जाता था।
सीओ अमित किस्कू ने कहा कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, इसलिए यह कार्रवाई करनी पड़ी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी यह अभियान जारी रहेगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि अतिक्रमण हटने से अब बाजार में आवाजाही आसान होगी और जाम की समस्या में राहत मिलेगी। प्रशासन ने दोहराया है कि नियम तोड़ने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी और सार्वजनिक रास्तों को पूरी तरह साफ रखा जाएगा।