गिरिडीह: 1.20 लाख और मोबाइल लूटकर अपराधी हुए फरार

Update: 2026-06-21 11:14 GMT

Jharkhand: गिरिडीह जिले के गांडेय थाना क्षेत्र में अपराधियों के बेखौफ हौसले एक बार फिर सामने आए हैं। यहां रिवॉल्वर की नोक पर एक युवक से 1.20 लाख रुपये नकद, मोबाइल और बाइक की चाबी छीनकर अपराधी फरार हो गए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महतो डीह निवासी मो रुस्तम अंसारी अपने घर से ससुराल बनसिमी जा रहे थे। वे अपनी बाइक से गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग होते हुए कोयरीडीह मोड़ के पास पहुंचे थे, तभी सुनसान इलाके में बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया। अपराधियों ने हथियार दिखाकर पहले उन्हें डराया और फिर उनके पास मौजूद 1.20 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और बाइक की चाबी छीन ली। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने किसी तरह अपने परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी और एसआई संतोष कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है और उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Tags:    

Similar News