मतदाता सूची को लेकर SIR पर चुनाव आयोग का आश्वासन

Update: 2026-06-23 15:08 GMT

Jharkhand: देवघर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की समीक्षा के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र भारतीय नागरिक का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाए, ताकि किसी भी योग्य मतदाता को असुविधा न हो।

उन्होंने बताया कि केवल पांच श्रेणियों—एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ, डुप्लिकेट और गैर भारतीय नागरिकों—के नाम ही प्रारूप मतदाता सूची में शामिल नहीं किए जाएंगे। इसके अलावा जिन मतदाताओं की मैपिंग पूर्व गहन पुनरीक्षण सूची से हो चुकी है या नहीं भी हुई है, यदि वे हस्ताक्षरित एन्यूमरेशन फॉर्म जमा करते हैं तो उनका नाम प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने मधुपुर प्रखंड में बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजरों के प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण भी किया। इस दौरान उन्होंने कर्मियों का उत्साहवर्धन किया और उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए प्रक्रिया को बेहतर ढंग से समझाया।

उन्होंने कहा कि 30 जून से बीएलओ घर-घर जाकर एन्यूमरेशन फॉर्म वितरित करेंगे। इस दौरान यह सुनिश्चित किया जाएगा कि मतदाताओं की पिछली सूची से मैपिंग सही तरीके से हो, ताकि अधिकतर लोगों को अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता न पड़े।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मैपिंग और एन्यूमरेशन चरण में किसी भी प्रकार के दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे। बीएलओ को इस नियम का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस मौके पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया, अनुमंडल पदाधिकारी मधुपुर राजीव कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल सहित कई अधिकारी और बीएलओ मौजूद रहे।

Tags:    

Similar News