धनबाद में ED की रेड, कारोबारी ने बंद किया दरवाजा, सीढ़ी से पहुंचे अफसर

Update: 2026-07-28 11:20 GMT

धनबाद। झारखंड के धनबाद जिले में कोयले के अवैध कारोबार से जुड़े मामलों को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। ईडी की टीम ने जिले के अलग-अलग इलाकों में कोयला कारोबारियों के दो दर्जन से अधिक ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और अधिकारियों ने संदिग्ध दस्तावेजों समेत अन्य रिकॉर्ड की जांच शुरू की।

ईडी की यह कार्रवाई धनबाद, झरिया, महुदा, बरवाअड्डा समेत कई क्षेत्रों में की गई। सुबह से ही ईडी की अलग-अलग टीमें कारोबारी ठिकानों पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी। छापेमारी के दौरान झरिया के शिमला बहाल इलाके में उस समय स्थिति चर्चा का विषय बन गई, जब एक कोयला कारोबारी के घर में प्रवेश करने के लिए अधिकारियों को सीढ़ी का सहारा लेना पड़ा।

जानकारी के अनुसार, शिमला बहाल में कोयला कारोबारी कुंभनाथ सिंह के साले रंजीत सिंह के आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची थी। बताया जा रहा है कि रंजीत सिंह ने घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया था। काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला तो ईडी अधिकारियों ने सीढ़ी लगाकर घर में प्रवेश किया। इसके बाद टीम ने अंदर पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य सामानों की जांच शुरू की।

इस कार्रवाई के दौरान ईडी अधिकारियों ने घर के सभी कमरों की तलाशी ली। टीम ने घर में मौजूद लोगों से पूछताछ भी की। हालांकि, अभी तक ईडी की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि किस विशेष मामले को लेकर यह छापेमारी की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई अवैध कोयला कारोबार और उससे जुड़े वित्तीय लेनदेन की जांच से संबंधित हो सकती है।

धनबाद के लोयाबाद इलाके में भी ईडी की टीम को स्थानीय महिलाओं के विरोध का सामना करना पड़ा। यहां कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाओं ने विरोध जताया। हालांकि, सुरक्षा बलों की मौजूदगी में ईडी अधिकारियों ने अपनी कार्रवाई जारी रखी।

इसके अलावा पाथरडीह थाना क्षेत्र के चासनाला दो नंबर बस्ती में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष इम्तियाज अली के आवास पर भी ईडी की टीम पहुंची। सुबह करीब छह बजे दो वाहनों में पहुंची टीम ने पूरे परिसर को अपने कब्जे में लिया और जांच शुरू की। छापेमारी के दौरान किसी भी बाहरी व्यक्ति को घर के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई।

महुदा के कपूरिया क्षेत्र में कोयला कारोबारी अनिल गोयला के हार्डकोक भट्ठे पर भी ईडी ने कार्रवाई की। टीम सुबह करीब छह बजे वहां पहुंची और कई घंटे तक जांच करती रही। इस दौरान कोयला कारोबार से जुड़े दस्तावेजों और रिकॉर्ड को खंगाला गया। अधिकारियों ने कई महत्वपूर्ण कागजात अपने कब्जे में लेने की बात कही जा रही है।

अलकडीहा क्षेत्र में कोयला कारोबारी गणेश यादव के आवास पर भी ईडी की कार्रवाई जारी रही। यहां भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। किसी भी बाहरी व्यक्ति को परिसर के अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया।

ईडी की इस व्यापक कार्रवाई के बाद धनबाद के कोयला कारोबार से जुड़े लोगों में हलचल मच गई है। पूरे जिले में दिनभर इस छापेमारी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। हालांकि, ईडी अधिकारियों ने अभी तक कार्रवाई से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है।

बताया जा रहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि किन दस्तावेजों और लेनदेन की जांच की जा रही है। फिलहाल ईडी की टीमें अलग-अलग स्थानों पर रिकॉर्ड खंगालने में जुटी हुई हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर जानकारी दी जाएगी।

Tags:    

Similar News