Dhanbad: मारपीट में घायल युवक की मौत, विरोध में लोगों ने की सड़क जाम

Update: 2025-03-05 12:41 GMT
Dhanbad धनबाद : मारपीट में घायल धनबाद के बरमसिया हिल कॉलोनी निवासी युवक सुरेन्द्र यादव की मौत हो गई. आक्रोशित परिजन व यादव समाज के लोग बुधवार को शव के साथ रणधीर वर्मा चौक पहुंचे और शव को रख कर सड़क जाम कर दी. टायर जला कर विरोध प्रदर्शन भी किया. परिजन व यादव समाज के लोग आरोपियों की गिरफ्तारी व मुआवजा की मांग कर रहे थे. सूचना मिलते ही डीएसपी शंकर कामती व धनबाद थाना प्रभारी आरएन ठाकुर दलबल के साथ मौके पर पहुंचे. कांग्रेस नेता संतोष सिंह ने भी पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की और उन्हें समझाने में जुट गए. दोषियों की गिरफ्तारी व परिवार को मुआवजा का आश्वासन मिलने के बाद लोग शांत हुए और जाम हटाया. इस दौरान रणधीर वर्मा चौक करीब एक घंटा तक पूरी तरह जाम रहा. इससे स्कूली बच्चों व आमलोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
डीएसपी मुख्यालय-1 शंकर कामती ने बताया कि हमें मृतक के परिजनों के प्रति सहानुभूति है. दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होगी. साथ ही सरकार द्वारा मिलने वाला मुआवजा राशि भी पीड़ित परिवार को दी जाएगी. अंचल अधिकारी के छुट्टी से लौटने के बाद मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू होगी.
एक मार्च को बरवाअड्डा में हुई थी मारपीट
ज्ञात हो कि हिल कॉलोनी निवासी युवक सुरेंद्र यादव ट्रक चलाने का काम करता था. 1 मार्च की रात बरवाअड्डा में FCI गोदाम अजबडीह मोड़ के समीप ट्रक में लोडिंग-अनलोडिंग को लेकर कुछ लोगों के साथ उसका विवाद हुआ था. जिसमें उनलोगों ने सुरेंद्र यादव के साथ मारपीट की थी. मृतक के भाई रवींद्र यादव ने कहा कि जग्गू पासवान, राजन पासवान व उनके साथियों ने उसके भाई को मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था. घटना के बाद उसे धनबाद के जालान अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई. पिता इंद्रजीत यादव ने बताया कि बेटे के साथ मारपीट की घटना के बाद उन्होंने बरवाअड्डा थाना में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.
Tags:    

Similar News