Dhanbad: आटा मिल कर्मी को गोली मारकर मौत

Update: 2026-06-21 14:50 GMT

Jharkhand: धनबाद जिले के गोंदूडीह ओपी क्षेत्र में रविवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात में आटा मिल कर्मी की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस मामले की जांच लूट और पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित एंगल से कर रही है।

मृतक की पहचान झरिया थाना क्षेत्र के बस्ताकोला निवासी 45 वर्षीय उमेश यादव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उमेश यादव गोधर स्थित एक आटा मिल में लंबे समय से कार्यरत थे और पैसे के कलेक्शन का काम संभालते थे। रविवार को भी वह ग्राहकों से पैसे वसूल कर बाइक से मिल लौट रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार अज्ञात अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

गोली लगते ही उमेश यादव सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही गोंदूडीह ओपी, भूली ओपी और केंदुआडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक के भाई ने आशंका जताई है कि यह वारदात या तो पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकती है या फिर लूटपाट के दौरान की गई हत्या।

आटा मिल मालिक ने बताया कि उमेश यादव पिछले 7-8 वर्षों से काम कर रहे थे और कलेक्शन का काम देखते थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि उस समय उनके पास कितनी नकदी थी।

ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं—लूट, रंजिश और अन्य कारणों—पर गहराई से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और अपराधियों की तलाश जारी है।

Tags:    

Similar News