एम्बुलेंस रिस्पॉन्स टाइम पर DC का अल्टीमेटम

Update: 2026-06-22 15:48 GMT

Jharkhand: गुमला जिले में सड़क हादसों पर रोक लगाने और यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए सोमवार को जिला सड़क सुरक्षा समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने की, जिसमें सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन और आपातकालीन सेवाओं को लेकर कई कड़े निर्णय लिए गए। उपायुक्त ने साफ कहा कि लापरवाही और मनमानी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।

बैठक में बस एसोसिएशन द्वारा मनमाना किराया बढ़ाने के मामले पर गंभीर चर्चा हुई। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बस स्टैंड और बसों में औचक निरीक्षण किया जाए और यात्रियों से वसूले जा रहे किराए की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध वसूली पाए जाने पर सीधे कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस मुद्दे पर जल्द एक अलग समीक्षा बैठक भी बुलाई जाएगी।

सड़क सुरक्षा को लेकर उपायुक्त ने शहर के उर्मी चौक पर गोलंबर (राउंडअबाउट) और रंबल स्ट्रिप बनाने का निर्देश दिया। साथ ही जोड़ाजाम इलाके में बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए हाई मास्ट लाइट लगाने की मंजूरी दी गई है। अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर इन कार्यों को पूरा करने का अल्टीमेटम दिया गया है। इसके अलावा एनएचएआई को निर्देश दिया गया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने सभी अवैध और खतरनाक कट को 10 दिनों के भीतर बंद किया जाए। गुमला-घाघरा रोड की मरम्मत कार्य को भी जल्द पूरा करने का आदेश दिया गया है।

बैठक में एम्बुलेंस सेवा को और मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि सड़क हादसों में घायल लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाना प्राथमिकता है। इसके लिए एम्बुलेंस रिस्पांस टाइम को 15 मिनट से भी कम करने का लक्ष्य तय किया गया है। टोल प्लाजा के पास एक हाईवे एम्बुलेंस तैनात करने का भी निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही हेल्पलाइन व्यवस्था को और सक्रिय बनाने को कहा गया है।

स्वास्थ्य विभाग और एनएचएआई को मिलकर काम करने के निर्देश दिए गए ताकि आपात स्थिति में समन्वय बेहतर हो सके। उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि जनहित से जुड़ा गंभीर विषय है।

स्कूल बसों की सुरक्षा को लेकर भी बड़ा फैसला लिया गया है। जिले की सभी स्कूल बसों की फिटनेस जांच सख्ती से करने का आदेश दिया गया है। अनफिट बसों को तुरंत सड़क से हटाया जाएगा ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने सभी अधिकारियों को चेतावनी दी कि काम में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान को जमीन पर प्रभावी तरीके से लागू करना सभी की जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Tags:    

Similar News