गढ़वा/खरौंधी। झारखंड के गढ़वा जिले के खरौंधी स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में फूड प्वाइजनिंग की गंभीर घटना के बाद जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही के आरोप में वॉर्डन समेत कुल 5 कर्मियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और मामले की जांच जारी है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात विद्यालय में सैकड़ों छात्राओं ने विषाक्त भोजन खाने के बाद तबीयत बिगड़ने की शिकायत की थी। स्थिति गंभीर होने पर अभिभावक सुबह बड़ी संख्या में विद्यालय पहुंचे और जमकर हंगामा किया। आक्रोशित अभिभावकों ने छात्रावास प्रबंधन पर घटिया भोजन देने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और मुख्य द्वार तक तोड़ दिया।
जिला प्रशासन द्वारा गठित जांच कमेटी की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर उपायुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा ने सख्त कदम उठाते हुए वॉर्डन लक्ष्मी देवी, लेखापाल सोनम कुमारी, शिक्षिका अलका कुमारी, शिक्षिका कांति कुमारी और रसोइया कमला देवी को बर्खास्त कर दिया। जांच के दौरान छात्राओं ने भी अधिकारियों के सामने कई गंभीर आरोप लगाए। छात्राओं ने बताया कि उन्हें कई बार अधपका और खराब खाना दिया जाता था तथा शौचालय साफ कराने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए मजबूर किया जाता था। कुछ छात्राओं ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया जाता था।
अभिभावकों का आरोप है कि विद्यालय में नियमित निरीक्षण नहीं होने के कारण प्रबंधन में लापरवाही बढ़ती गई। इस पर जिला प्रशासन ने शिक्षा विभाग को भी निर्देश दिया है कि प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी से स्पष्टीकरण लिया जाए और नियमित निरीक्षण सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि छात्रों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी जांच रिपोर्ट के आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सभी प्रभावित छात्राओं का उपचार जारी है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। घटना के बाद विद्यालय में अतिरिक्त निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।