बड़कागांव: मलबे में दबकर मजदूर की मौत

Update: 2026-06-21 15:31 GMT

Jharkhand: हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के बादम स्थित राउतपारा के पास शुक्रवार को अवैध कोयला खदान में बड़ा हादसा हो गया। कोयला उत्खनन के दौरान अचानक चाल धंसने और मलबा गिरने से एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य मजदूर घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

मृतक की पहचान बादम पंचायत के राउतपारा निवासी जुगल साव के पुत्र सचिन साव के रूप में की गई है। घायल मजदूरों का स्थानीय स्तर पर इलाज चल रहा है। हालांकि प्रशासन की ओर से देर शाम तक घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद मामले को दबाने की कोशिश की गई। बताया जा रहा है कि मृतक के शव को घटनास्थल से हटाकर दूसरे स्थान पर ले जाया गया ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। इस आरोप ने इलाके में चर्चा और नाराजगी बढ़ा दी है।

ग्रामीणों का कहना है कि बड़कागांव क्षेत्र में लंबे समय से अवैध कोयला खनन का नेटवर्क सक्रिय है। कई जगहों पर सुरंगनुमा अवैध खदानें बनाई गई हैं, जहां मजदूर जान जोखिम में डालकर काम करते हैं। लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक सख्ती नहीं होने के कारण यह अवैध कारोबार लगातार चल रहा है।

इस घटना ने एक बार फिर खनन सुरक्षा और अवैध कोयला खदानों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस और खनन विभाग की टीम मामले की जांच में जुटी है और पूरी स्थिति रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Tags:    

Similar News