गड़बड़ी पर गिरी गाज, JBVNL ने दो अफसर किए निलंबित

Update: 2026-06-24 08:56 GMT

Jharkhand: रांची से जुड़ी एक बड़ी खबर में झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने स्मार्ट मीटर और एनर्जी अकाउंटिंग से संबंधित योजनाओं में कथित अनियमितता और लापरवाही के आरोप में दो वरिष्ठ अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई निगम मुख्यालय द्वारा 23 जून को जारी अलग-अलग आदेशों के आधार पर की गई है।

जानकारी के अनुसार, जेबीवीएनएल द्वारा राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत 33/11 केवी फीडर, डिस्ट्रीब्यूशन ट्रांसफॉर्मर और उपभोक्ताओं के लिए स्मार्ट मीटर लगाने की परियोजना चलाई जा रही है। इसके साथ ही बिल जनरेशन और एनर्जी अकाउंटिंग सिस्टम को मजबूत करने का कार्य भी जारी है। लेकिन इन योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता और लापरवाही बरतने के आरोप सामने आए, जिसके कारण निगम को आर्थिक नुकसान और बिलिंग व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई।

इसी मामले में कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को निलंबित किया गया है। पहले आदेश के तहत वरिष्ठ प्रबंधक (तकनीकी) एवं अतिरिक्त प्रभार उप महाप्रबंधक (तकनीकी) एनर्जी अकाउंटिंग एंड एनर्जी ऑडिट से जुड़े कार्य देख रहे सिद्धार्थ कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय विद्युत आपूर्ति अंचल, हजारीबाग निर्धारित किया गया है।

दूसरे आदेश में वरिष्ठ प्रबंधक (जीटीओ), वरिष्ठ प्रबंधक (तकनीकी-टीएसजी) तथा आरडीएसएस और जेपीएसआईपी योजनाओं से जुड़े कार्यों का दायित्व संभाल रहे अवधेश कुमार को भी निलंबित किया गया है। उनका मुख्यालय निलंबन अवधि में विद्युत आपूर्ति अंचल, रामगढ़ रखा गया है।

निगम प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि दोनों अधिकारियों के खिलाफ विभागीय जांच की जाएगी। साथ ही निलंबन अवधि में उन्हें नियमों के अनुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। जेबीवीएनएल ने कहा है कि महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और पूरी जवाबदेही तय की जाएगी।

इस कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर हलचल तेज हो गई है और अन्य अधिकारियों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।

Tags:    

Similar News