धनबाद जेल में पूर्व विधायक समेत 11 बंदी निकले कोरोना संक्रमित

झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह सहित धनबाद मंडल कारा के 11 बंदी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।

Update: 2022-01-12 05:07 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह सहित धनबाद मंडल कारा के 11 बंदी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संजीव सिंह में कोरोना के लक्षण उभरने के बाद सोमवार को जेल में 550 बंदियों की आरटी-पीसीआर जांच कराई गई थी। मंगलवार को रिपोर्ट आई तो जेल में हड़कंप मच गया। संजीव सिंह पहले से अपने सेल में आइसोलेट हैं। मंगलवार को संक्रमित पाए गए अन्य बंदियों को आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट किया गया। स्वास्थ्य विभाग और जेल प्रशासन लगातार पॉजिटिव पाए गए बंदियों पर नजर बनाए हुए हैं। बंदियों को गरम पानी का किट और जरूरी दवाएं दी जा रही हैं। उनके संतुलित आहार का भी ख्याल रखा जा रहा है। बंदियों को नींबू चाय और काढ़ा भी दिया जा रहा है। मंगलवार को जेल बाकी बचे अन्य बंदियों और जेल के कर्मचारियों को मिला कर कुल 155 लोगों का स्वाब कोरोना जांच के लिए लिया गया।

बताया जा रहा है कि नौ जनवरी को ही संजीव सिंह की ट्रूनेट से कोरोना जांच हुई थी, जिसमें उनमें संक्रमण पाए जाने की भनक स्वास्थ्य विभाग लग गई थी। नौ जनवरी से ही संजीव सिंह को अन्य बंदियों से मिलने-जुलने पर पाबंदी लगा दी गई थी। साथ ही चिकित्सकों ने उनका उपचार भी शुरू कर दिया था। जेल प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार संजीव सिंह सहित पॉजिटिव पाए गए सभी बंदियों की स्थिति सामान्य है।
जिले में 158 संक्रमित मिले, 138 हुए स्वस्थ
सीआईएसएफ के छह, वास्तु विहार से दो, एशियन जालान, सदर अस्पताल व बाबूडीह से तीन- तीन, बैंक मोड़ के महिला डॉक्टर सहित 158 संक्रमित मंगलवार मिले हैं। इसमें 52 महिला और 106 पुरुष की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अधिकांश लोगों को देर तक उपचार के लिए अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया जारी रही। 138 संक्रमित कोरोना की मात देकर स्वस्थ हुए हैं। जांच करने पर लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया। कुल 669 एक्टिव केस हो चुके हैं। बता दें कि पिछले पांच दिनों से हर दिन 100 से अधिक संक्रमित मिल रहे हैं। सोमवार को 104 संक्रमित मिले थे।
न्यायिक दंडाधिकारी सहित तीन कोरोना पॉजिटिव
कोरोना अब सिविल कोर्ट में दाखिल हो चुका है। कई अधिवक्ताओं के संक्रमित होने की खबरें सामने आने के बाद मंगलवार को सिविल कोर्ट के एक प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी के कोरोना पॉजिटिव होने की सूचना है। एक कोर्ट कर्मचारी तथा न्यायिक दंडाधिकारी का एक बॉडीगार्ड भी कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। तीनों फिलहाल होम आइसोलेशन पर हैं। इधर न्यायालय में कोरोना प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जा रहा है।
Tags:    

Similar News

-->