पलामू में तरहसी थाना प्रभारी Suspended, पैसे के लेन-देन आरोप में बड़ी कार्रवाई
Palamu: पलामू जिले के तरहसी थाना प्रभारी आनंद राम को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई पलामू एसपी कपिल चौधरी ने की है। निलंबन के बाद थाना प्रभारी को पुलिस लाइन भेज दिया गया है। आनंद राम 2018 बैच के सब-इंस्पेक्टर हैं और पिछले करीब एक वर्ष से तरहसी थाना प्रभारी के पद पर कार्यरत थे। इससे पहले वे पाटन समेत कई थानों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पैसे के लेन-देन के आरोपों के आधार पर की गई है। एक स्थानीय कारोबारी ने एसपी पलामू को शिकायत दी थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि कुछ मामलों में गाड़ियों को छोड़ने के बदले अवैध लेन-देन हुआ और उन्हें परेशान किया गया।
शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई, जिसमें आरोपों की प्रारंभिक पुष्टि होने पर थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया गया। एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है। तरहसी थाना लेस्लीगंज पुलिस अनुमंडल के अंतर्गत आता है और यह इलाका कई थाना क्षेत्रों से सटा हुआ है। यह क्षेत्र अफीम की खेती और नक्सल गतिविधियों को लेकर भी चर्चा में रहा है।