Jammu जम्मू सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली एक घटना में, ड्रग्स का आदी बताया जा रहा एक व्यक्ति जम्मू में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सरकारी आवास के परिसर में घुसने में कामयाब हो गया। हालांकि शुक्रवार दोपहर को हुई इस घटना के समय उमर जम्मू में नहीं थे, लेकिन आवास की सुरक्षा में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने संदिग्ध गतिविधि को भांप लिया और 21 साल के घुसपैठिए - जिसकी पहचान तिलक राज के तौर पर हुई है - को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मुख्यमंत्री का सरकारी आवास जम्मू के पुराने शहर इलाके में वज़ारत रोड पर स्थित है। बताया जाता है कि परिसर के एक तरफ़ लगी पहाड़ी से घुसपैठिए को अंदर आने का रास्ता मिला। पुलिस ने इस घटना में किसी भी तरह के आतंकी एंगल से इनकार किया है। पीर मीठा पुलिस स्टेशन के SHO रतन सिंह राणा ने 'द ट्रिब्यून' को बताया कि आरोपी गुज्जर नगर की तरफ़ से परिसर में घुसा था, लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उसे रोक लिया।
SHO ने कहा, "वह गुज्जर नगर की तरफ़ से मुख्यमंत्री आवास परिसर में घुसा था, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों ने उसे रोक लिया। बाद में उसे ज़मानत मिल गई।" पुलिस के मुताबिक, रियासी का रहने वाला आरोपी 3 सितंबर को जम्मू पहुंचा था और ड्रग्स के नशे में पाए जाने के बाद गुज्जर नगर पुलिस चौकी ने उसे हिरासत में लिया था। उसके ख़िलाफ़ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था और उसके परिवार को सूचित किया गया था। उसके पिता 4 सितंबर को उसे ज़मानत पर छुड़ाने और वापस रियासी ले जाने के लिए जम्मू पहुँचे। हालाँकि, जब पिता स्थानीय ज़मानतदार का इंतज़ाम कर रहे थे, तो आरोपी कथित तौर पर वहाँ से खिसक गया, मुख्यमंत्री आवास से सटी पहाड़ी पर चढ़ा और परिसर में घुस गया। सुरक्षाकर्मियों ने उसे तुरंत हिरासत में ले लिया।