नदी किनारे अलर्ट जारी, डुल बांध की सिल्ट फ्लशिंग के दौरान लोगों को नदी से दूर रहने की सलाह
Doda डोडा। किश्तवाड़ स्थित एनएचपीसी के डुलहस्ती पावर स्टेशन द्वारा डुल बांध जलाशय की निर्धारित सिल्ट फ्लशिंग प्रक्रिया को लेकर प्रशासन ने चिनाब नदी के किनारे बसे क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ा दी है। इस संबंध में डोडा के उपायुक्त कृष्ण लाल ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर नदी तटीय इलाकों में विशेष एडवाइजरी जारी की गई है।
उपायुक्त कृष्ण लाल ने कहा कि चिनाब नदी के किनारे स्थित थाथरी, प्रेमनगर और पुर डोडा क्षेत्रों को अलर्ट पर रखा गया है। उन्होंने बताया कि नागरिक प्रशासन और पुलिस प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि वे लोगों को इस अवधि के दौरान चिनाब नदी के करीब न जाने की सलाह दें। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और स्थानीय लोगों को सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया एनएचपीसी डुलहस्ती पावर स्टेशन के प्रबंधन द्वारा संचालित की जा रही है। जैसे ही बांध प्रबंधन की ओर से सिल्ट फ्लशिंग कार्य पूरा होने की सूचना प्राप्त होगी, प्रशासन द्वारा जारी की गई एडवाइजरी वापस ले ली जाएगी। तब तक लोगों से नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की अपील की गई है।
प्रशासन ने विशेष रूप से मछुआरों, पशुपालकों और नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने को कहा है। अधिकारियों का मानना है कि सिल्ट फ्लशिंग के दौरान नदी के जलस्तर और बहाव में अचानक परिवर्तन हो सकता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ सकती है। जिला प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करने की अपील की है। साथ ही आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन और पुलिस से संपर्क करने की सलाह भी दी गई है।