Jammu जम्मू, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जम्मू-कश्मीर के अध्यक्ष सत शर्मा ने सोमवार को कहा कि भाजपा जमीनी स्तर पर लोकतंत्र को मज़बूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर एक नए युग की दहलीज पर खड़ा है। उन्होंने कहा, "अलगाववाद और अवसरवाद की राजनीति खत्म हो चुकी है और कोई भी ताकत, चाहे वह राजनीतिक हो या अन्य, मोदी के विजन को यहाँ हर घर तक पहुँचने से नहीं रोक सकती।"
सत शर्मा ने कहा, "भाजपा इस क्षेत्र का वर्तमान और भविष्य है जो जम्मू-कश्मीर को विकास, राष्ट्रीय एकता और राजनीतिक स्थिरता प्रदान करती है। भाजपा के विकास के विजन को घर-घर तक पहुँचाने के लिए, पार्टी आने वाले महीनों में व्यापक जनसम्पर्क अभियान चलाएगी।" जम्मू-कश्मीर विधानसभा में विपक्ष के नेता सुनील शर्मा और महासचिव (संगठन) अशोक कौल भी पार्टी मुख्यालय में हुई संगठनात्मक बैठक में शामिल हुए।
सुनील शर्मा ने विपक्ष पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग दशकों तक भेदभाव, भ्रष्टाचार और विभाजनकारी राजनीति पर फलते-फूलते रहे, वे अब अप्रासंगिक हो गए हैं। जनता उनके झूठ को समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति तुष्टिकरण के बिना सशक्तिकरण की है और हम इस संदेश को हर बूथ, हर मतदाता, हर घर तक ले जाएंगे।