Jammu Police: जम्मू (ग्रामीण) पुलिस ने ऑपरेशन कामधेनु के तहत गौ-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को जारी रखते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने गौ-तस्करी की एक कोशिश को नाकाम बनाते हुए 21 पशुओं को सुरक्षित बचा लिया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28/29 जनवरी 2026 की दरम्यानी रात पुलिस थाना झज्जर कोटली की टीम ने नाका प्वाइंट पंजाल पर एक संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान पाया गया कि वाहन में अवैध रूप से पशुओं की तस्करी की जा रही थी। इस कार्रवाई में पुलिस ने 21 गौवंशीय पशुओं को मुक्त कराया और ट्रक नंबर JK03M-0343 को जब्त कर लिया।
पुलिस ने वाहन चालक की पहचान मुख्तियार अहमद, पुत्र सादिक अहमद, निवासी हार्डवेयर, कोकरनाग, अनंतनाग के रूप में की है, जिसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया। इस संबंध में पुलिस थाना झज्जर कोटली में एफआईआर नंबर 15/2026 दर्ज की गई है। आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की आगे की जांच जारी है। जम्मू (ग्रामीण) पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में गौ-तस्करी और पशु क्रूरता के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।