Jammu: एलजी के आगमन को लेकर अधिकारियों की बैठकें जारी

Update: 2025-11-15 05:59 GMT

जम्मू: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के 19 नवंबर को प्रस्तावित पुरमंडल दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियाँ तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला विकास आयुक्त सांबा आयुषी सूदन ने आज ऐतिहासिक पुरमंडल क्षेत्र का दौरा कर व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की।

डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आने वाले कार्यक्रम को सफल और सुचारू बनाने के निर्देश दिए।

दौरे के दौरान उन्होंने प्राचीन शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया और स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी समस्याएँ और सुझाव सुने।

स्थानीय लोगों ने डीसी को अवगत कराया कि जल जीवन मिशन परियोजना पिछले कई महीनों से रुकी हुई है, जिसके चलते राजुल, पाडल, तलेड, दियोन, क्यूली और मंडल जैसे पहाड़ी गांवों में पानी का गंभीर संकट पैदा हो गया है। इस पर डीसी ने संबंधित विभाग से रिपोर्ट तलब करते हुए प्रोजेक्ट को तेज़ी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

इसके अलावा, पुरमंडल–पाडल सड़क निर्माण कार्य लंबे समय से अधर में लटका हुआ है। लोगों ने आरोप लगाया कि विभागीय लापरवाही से हजारों लोग प्रभावित हो रहे हैं। डीसी ने इस पर भी सख्त रुख अपनाते हुए जल्द कार्रवाई करने को कहा।

प्राचीन मंदिर को दी गई स्पेशल इलेक्ट्रिक लाइन दो महीने से बंद है। डीसी ने बिजली विभाग को निर्देश दिया कि किसी भी हालत में 2–3 दिनों के भीतर लाइन को बहाल किया जाए।

अगामी अमावस्या पर्व पर होने वाले धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन, स्थानीय लोगों और उत्तरवाहिनी तीर्थ सेवा न्यास के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

दौरे में तीर्थ सेवा न्यास के प्रमुख सुरेश चंद्र गुप्ता, महेश्वर प्रसाद, गोविंद राम शर्मा, डीडीसी सदस्य अवतार सिंह, मंदिर धर्मार्थ ट्रस्ट सदस्य अमर चंद शर्मा, मुख्य पुजारी राजिंदर शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Tags:    

Similar News