Jammu-Kashmir : युवक की बेरहमी से हत्या, इलाके में फैली सनसनी

Update: 2025-05-23 01:22 GMT
Jammu-Kashmir : राजौरी जिले के ख्वास क्षेत्र के कागा गांव में मध्य रात्रि को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां इसी गांव के पुरुषोत्तम लाल पुत्र शेखर लाल की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुरुषोत्तम के करीबी रिश्तेदार के अनुसार सुबह उसका शव उसके घर से कुछ दूरी पर क्षत-विक्षत हालत में बरामद हुआ, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक के शरीर पर कई गहरे जख्म मिले हैं और बताया जा रहा है कि हत्यारों ने क्रूरता की सारी हदें पार करते हुए उसके निजी अंगों को भी नुकसान पहुंचाया। इस क्रूर घटना से गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी औपचारिकताएं पूरी कीं।
इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है और पुलिस विभिन्न कोणों से मामले की जांच कर रही है। मृतक के परिजनों ने न्याय की मांग करते हुए कहा कि जिस क्रूरता से हत्या की गई है, वह कोई साधारण व्यक्ति नहीं कर सकता। उम्मीद है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और पूरे मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।
Tags:    

Similar News