Jammu- Kashmir: जोरदार धमाके से दहल उठा ये इलाका, जांच में जुटे सुरक्षाबल
Jammu- Kashmir: जम्मू-कश्मीर के राजौरी इलाके में विस्फोट की खबर है। बताया जा रहा है कि राजौरी में उस समय विस्फोट जैसी आवाज सुनी गई जब एसओजी के जवान ऑपरेशनल ड्यूटी पर जा रहे थे। विस्फोट का आकार कितना बड़ा था, इसका पता लगाया जा रहा है। राजौरी के थानामंडी इलाके में यह घटना सामने आई है। जानकारी के मुताबिक थानामंडी इलाके में ड्यूटी पर जा रहे एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) के जवानों के पास जोरदार विस्फोट जैसी आवाज सुनाई दी।
विस्फोट का असली कारण अभी पता नहीं चल पाया है और इसकी जांच चल रही है। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। सुरक्षा एजेंसियां मामले की गहन जांच कर रही हैं। मिली जानकारी के मुताबिक इस विस्फोट से किसी के घायल होने या संपत्ति के नुकसान की कोई खबर नहीं है। यह घटना घने जंगलों वाले देहरा की गली इलाके के पास हुई, जो थानामंडी सबडिवीजन के अंतर्गत आता है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है और गहन तलाशी अभियान जारी है। अधिकारी विस्फोट की वास्तविक प्रकृति और इसके पीछे के कारण का पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं।