Jammu-Kashmir: आतंकियों ने सेना के वाहन को बनाया निशाना, बरसाईं गोलियां
Jammu-Kashmir : जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में बड़ा आतंकी हमला हुआ है, जिसमें आतंकियों ने सेना के वाहन पर कई राउंड फायरिंग की। घटना दोपहर करीब 12:45 बजे सुंदरबनी सेक्टर में हुई। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने तुरंत सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है, हालांकि इस हमले में किसी के घायल होने या हताहत होने की खबर नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, हमले के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। यह घटना उस समय हुई जब इलाके में सेना की ओर से पहले से ही सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। सुंदरबनी इलाका एलओसी से सटा हुआ है और पाकिस्तान सीमा के पास होने की वजह से यहां सुरक्षाबलों की ओर से विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
फिलहाल सेना पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है और पुलिस को वहां घुसने नहीं दिया जा रहा है। फिलहाल इलाके में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। हालांकि, सेना ने अभी तक इस हमले पर आधिकारिक तौर पर कोई बयान नहीं दिया है। इससे पहले 7 फरवरी को भारतीय सेना ने इलाके में घुसने की कोशिश कर रहे पाकिस्तान के सात घुसपैठियों को मार गिराया था। इस तरह के हमलों से क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी रहती है, लेकिन भारतीय सेना ने हमेशा मुंहतोड़ जवाब दिया है और किसी भी तरह के आतंकवादी हमलों का मुकाबला किया है।