Jammu- Kashmir: स्मार्ट मीटर ने तबाह कर दिया पूरा घर

Update: 2025-02-16 04:10 GMT
Jammu- Kashmir: राजौरी जिले के पठानमोहरा वार्ड नंबर 13 में शनिवार को एक घर में आग लग गई, जिससे भारी नुकसान हुआ है। जानकारी के अनुसार जगदीश राज के घर में अचानक बिजली के शॉर्ट सर्किट से आग लग गई, जिससे पूरा घर जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि स्मार्ट मीटर में खराबी आने के कारण यह हादसा हुआ और पूरा घर आग की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि जब आग लगी तो घर में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि आग इतनी तेजी से फैली कि पूरा घर और उसमें रखा कीमती सामान जलकर राख हो गया।
परिवार को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने की सूचना तुरंत दमकल विभाग को दी गई, लेकिन वे सही रास्ता नहीं खोज पाए और देरी से पहुंचे। अगर दमकल की गाड़ी समय पर पहुंच जाती तो शायद नुकसान कम हो सकता था। जगदीश राज और उनके परिवार ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से तुरंत मुआवजे की मांग की है। उनका कहना है कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद ऐसी घटनाएं बढ़ गई हैं।
उन्होंने कहा कि पहले हमारा फ्रिज खराब हो गया और आज घर जलकर राख हो गया, इसलिए प्रशासन को इसकी गंभीरता से जांच करनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस घटना की निष्पक्ष जांच की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
Tags:    

Similar News