Jammu-Kashmir: आतंकियों की तलाश में इलाके का चप्पा-चप्पा छान रहे हैं सुरक्षाबल
Jammu-Kashmir : रामकोट बिलावर के लोहाई मल्हार इलाके में कुछ दिन पहले 3 लोगों के शव मिलने के बाद इलाके में आतंकियों की धरपकड़ के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है। आज सीआरपीएफ के जवानों ने अगली धार और उसके आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया। बता दें कि कुछ दिन पहले पंज तीर्थ इलाके में संदिग्ध व्यक्ति देखे जाने पर इलाके में हड़कंप मच गया था। बता दें कि एक महिला अपने सामान और मवेशियों के साथ नदी किनारे जा रही थी, जिसने 2 से 3 संदिग्ध व्यक्तियों को देखने की सूचना पुलिस को दी थी।
इसके बाद सुरक्षाबल वहां हर दिन तलाशी ले रहे हैं लेकिन सुरक्षाबलों को कोई सफलता नहीं मिल पाई। कुछ महीने पहले इलाके में आतंकियों के साथ मुठभेड़ में एक हेड कांस्टेबल शहीद हो गया था और एसओजी के एक डीएसपी और एक एएसआई गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हालांकि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी को भी मार गिराया था।