Jammu Kashmir: पुलिस की कड़ी कार्रवाई, गो-तस्करी में इस्तेमाल वाहन जब्त
Jammu Kashmir: सांबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन गो-तस्कर की करीब 9.82 लाख रुपये कीमत की गाड़ी को जब्त कर अटैच कर दिया है। यह कार्रवाई माननीय अदालत सांबा के आदेश पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 107 के तहत की गई।पुलिस के अनुसार, जब्त किया गया वाहन महिंद्रा एंड महिंद्रा का ऑटो लोड कैरियर (नंबर JK02DM-0781) है, जो आरोपी मोहम्मद हनीफ पुत्र अब्दुल राशिद निवासी आर.एस. पुरा के नाम पर दर्ज है। यह वाहन थाना सांबा में दर्ज FIR नंबर 223/2025 (धारा 223 BNS और 11 PCA एक्ट) में शामिल पाया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और आर्थिक स्थिति की भी पड़ताल की। पता चला कि आरोपी के पास कोई वैध आय का स्रोत नहीं है और यह वाहन कथित रूप से अवैध गतिविधियों से कमाए गए पैसों से खरीदा गया था। पुलिस का कहना है कि आरोपी पहले भी गो-तस्करी के कई मामलों में शामिल रहा है, जो जम्मू, रामबन और उधमपुर जिलों के अलग-अलग थानों में दर्ज हैं।आगे की जांच में यह भी सामने आया कि यही महिंद्रा लोड कैरियर कई अन्य गो-तस्करी मामलों में भी इस्तेमाल किया गया था। सभी तथ्यों के आधार पर पुलिस ने वाहन को कानून के अनुसार जब्त कर अटैच कर दिया है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।