Jammu Kashmir: जिला पुलिस ने अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए थाना रामगढ़ क्षेत्र से एक कुख्यात आदतन अपराधी एवं नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिस्तौल, 5 जिंदा कारतूस तथा 20.23 ग्राम चिट्टा (हैरोइन जैसा नशीला पदार्थ) बरामद किया है।विश्वसनीय सूत्रों से मिली सूचना के आधार पर थाना रामगढ़ पुलिस ने एस.एच.ओ. भूपिन्द्र सिंह के नेतृत्व में राजपुरा-जट्टां सड़क पर पानी की टंकी के पास विशेष नाका लगाया था। इस दौरान गांव खौड़ की ओर से स्वांखा की तरफ जा रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी के दौरान उसके पास से अवैध हथियार, कारतूस और भारी मात्रा में नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजू चौधरी पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी कठार, तहसील अर्निया, जिला जम्मू के रूप में हुई है। मौके पर ही हथियार, कारतूस और नशीला पदार्थ जब्त कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया। इस संबंध में पुलिस ने एन.डी.पी.एस. (मादक पदार्थ अधिनियम) तथा शस्त्र अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी घोर आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उस पर पहले से ही हत्या के प्रयास, सरकारी कर्मचारी पर हमला, छीना-झपटी, अवैध हथियार रखने और नशा तस्करी जैसे कई संगीन अपराध दर्ज हैं।