Jammu-Kashmir : जम्मू-कश्मीर में जहाँ एक ओर भारी बारिश हो रही है, वहीं दूसरी ओर जम्मू शहर के नई बस्ती इलाके में पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) लिखा एक गुब्बारा मिलने से दहशत का माहौल है। जिसके चलते सुरक्षा एजेंसियां भी मामले को गंभीरता से लेते हुए इसकी जाँच कर रही हैं। हवाई जहाज जैसे दिखने वाले इस गुब्बारे पर PIA का लोगो लगा हुआ है।
गौरतलब है कि एक हफ्ते में यह दूसरा मामला सामने आया है, कुछ दिन पहले भी सांबा के सीमावर्ती इलाके रामगढ़ से ऐसा ही एक गुब्बारा बरामद हुआ था। बता दें कि पाकिस्तान अपने नापाक इरादों के चलते अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से ड्रोन की मदद से हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई करता है। इन मामलों में बढ़ोतरी के बाद भारतीय सीमाओं पर तैनात सीमा सुरक्षा बल काफी सतर्कता बरत रहा है। ड्रोन रोधी उपकरणों की मदद से सीमा पर किसी भी तरह की ड्रोन गतिविधि या कोई भी हवाई उपकरण दिखाई देने पर उसे बीएसएफ के जवान निष्क्रिय कर देते हैं।
संवेदनशील सीमावर्ती जिलों में ड्रोन गतिविधियों पर सुरक्षाकर्मियों और एजेंसियों का ध्यान भटकाने के लिए पीआईए के चिन्ह वाले गुब्बारों का इस्तेमाल किया जा रहा है। ऐसे मामले सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियां भी गहन जांच में जुट गई हैं। गौरतलब है कि सीमा से सटे जम्मू, कठुआ, सांबा जिलों, राजौरी और पुंछ जिलों की नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भी ऐसे गुब्बारे बरामद किए गए हैं।