Jammu Kashmir: माता वैष्णो देवी और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड को लेकर एलजी सिन्हा का अहम फैसला
Jammu Kashmir: उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड को लेकर अहम फैसला लिया है। जानकारी के मुताबिक एलजी सिन्हा ने अहम फैसले में श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड का पुनर्गठन किया है। उपराज्यपाल ने अलग-अलग क्षेत्रों से 9 प्रतिष्ठित व्यक्तियों को 3 साल के लिए दोनों श्राइन बोर्ड में सदस्य के तौर पर मनोनीत किया है। उपराज्यपाल सिन्हा दोनों श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष हैं और उन्होंने बोर्ड के पुनर्गठन को मंजूरी देते हुए अधिसूचना जारी की है।
श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के 9 सदस्यों में सुधा मूर्ति, महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि महाराज, डॉ. अशोक भान आईपीएस (सेवानिवृत्त), बालेश्वर राय आईएएस (सेवानिवृत्त), गुंजन राणा, डॉ. केके तलवार, कुलभूषण आहूजा, ललित भसीन और सुरेश कुमार शर्मा शामिल हैं। इसी तरह, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विभिन्न क्षेत्रों के 9 प्रतिष्ठित व्यक्तियों - स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज, प्रोफेसर कैलाश मेहरा साधु, केके शर्मा, केएन राय, मुकेश गर्ग, डॉ. शैलेश रैना, डॉ. सिमरिधि बिंद्रू, सुरेश हवारे और प्रोफेसर विश्वमूर्ति शास्त्री को 3 साल के लिए श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड (एसएएसबी) के सदस्य के रूप में नामित किया है।