Jammu Kashmir: पिछले कुछ दिनों से बढ़ती गर्मी के बीच बुधवार शाम को अचानक मौसम में आए बदलाव से तेज आंधी और बारिश ने काफी तबाही मचाई। जम्मू शहर में पेड़ों, बिजली के ढांचों और अन्य चीजों को काफी नुकसान पहुंचा है, जिसका अभी पता नहीं चल पाया है। हालांकि कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी खबरें हैं। उधर, रियासी जिले के चसाना के तमनी इलाके में बुधवार शाम बादल फटने से एक मकान और दो दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि एक खड़ी कार भी मलबे में दब गई। बादल फटने से तमनी में दो भेड़ और एक गाय की भी मौत हो गई। इस घटना से मलबा, भूस्खलन और बाढ़ से सब कुछ अस्त-व्यस्त हो गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके के लिए रवाना हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार इलाके में बारिश हो रही थी, इसी दौरान तमनी इलाके में अचानक बादल फटने से बाढ़ और भूस्खलन की स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में एक रिहायशी मकान और दो दुकानें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके साथ ही स्थानीय निवासी मोहम्मद इकबाल पुत्र अब्दुल रशीद की दो भेड़ों और एक गाय की भी मौत होने की जानकारी मिली है। इसके अलावा घर के पास खड़ी एक ऑल्टो कार का पिछला हिस्सा भी काफी हद तक मलबे में दब गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी ग्रामीण के हताहत होने की सूचना नहीं है। बादल फटने की घटना के बाद पानी के साथ मलबा बह रहा था।
घरों से बाहर निकले ग्रामीण एक-दूसरे को संभालने और राहत व बचाव कार्य करने में लगे रहे। उधर, सूचना मिलने पर चसाना से पुलिस व प्रशासन की टीम भी मौके के लिए रवाना हो गई। बुधवार शाम को तेज तूफान और बारिश के कारण गेहूं की फसलों के साथ फलदार पेड़ों को भी नुकसान पहुंचा है। कुछ स्थानों पर ओले भी गिरे हैं। फिलहाल नुकसान का सही आकलन करना मुश्किल है और इसका पता वीरवार को चलेगा। हालांकि तेज हवाओं के कारण बिजली ढांचे को भी नुकसान पहुंचा है। खंभे गिरने से शहर के अधिकतर इलाकों की बिजली गुल हो गई। मौसम साफ होने पर सुधार किया जाएगा।