Jammu-Kashmir: जम्मू की दक्षिण ज़ोन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक डकैती के मामले को सुलझा लिया है। यह कार्रवाई एसपी साउथ, एसडीपीओ ईस्ट और थाना बाग-ए-बाहु के एसएचओ की निगरानी में की गई। तांगे वाली गली निवासी अजय कुमार पुत्र सुभाष चंद्र ने इस डकैती की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर धारा 304 बीएनएस और आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 के तहत एफआईआर संख्या 43/2025 दर्ज की गई थी।
26 जुलाई, 2025 को अजय कुमार ने स्थानीय मीडिया को बताया कि जब वह दोपहर लगभग 3:25 बजे स्कूटी से नरवाल मंडी की ओर जा रहे थे, तो 5-6 लोग स्कूटी और मोटरसाइकिल पर उनका पीछा कर रहे थे। यह पीछा गुज्जर नगर से कासिम नगर (वन कार्यालय के सामने) तक किया गया। वहाँ आरोपियों ने उन्हें जबरन रोका और धारदार हथियारों से हमला कर 30,000 रुपये की नकदी लूट ली। इस दौरान अजय कुमार घायल भी हुए और उन्हें मानसिक रूप से काफी ठेस पहुँची।
शिकायत मिलने पर बाग-ए-बाहु थाना पुलिस ने तुरंत अजय कुमार को थाने बुलाकर उसका बयान दर्ज किया और घटना की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूत्रों की मदद से 6 आरोपियों की पहचान की गई, जिनमें अभि शर्मा पुत्र श्याम लाल निवासी शाहबाद कॉलोनी बाग-ए-बाहु, मुसविर पुत्र खालिद रशीद निवासी मकान नंबर 562 जोगी गेट जम्मू, आदिल पुत्र खुर्शीद अहमद निवासी मकान नंबर बीसी-88 बावे वाली गली शहीदी चौक, जगजोत सिंह उर्फ करण पुत्र स्वर्गीय इंद्र राज सिंह निवासी त्रिकुटा नगर एक्सटेंशन महमूदपुर शामिल हैं। दोनों युवकों के नाम गुप्त रखे गए हैं।
इनमें से पहले 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 12,000 रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल किए गए तेजधार हथियार और एक स्कूटी और मोटरसाइकिल भी बरामद की है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी आरोपियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए सख्त कार्रवाई कर रही है। जम्मू पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।