Jammu-Kashmir : भूस्खलन की चपेट में आने से एक ट्रक दुर्घटनाग्रस्त,व्यक्ति की मौत
Jammu-Kashmir : शनिवार करीब 2 बजे माहौर जाने वाले सड़क मार्ग पर मलाई नाला के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक हुआ भूस्खलन एक ट्रक पर गिर पड़ा, जिससे ट्रक में सवार तीन लोग दबकर घायल हो गए। इनमें से एक की अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो अन्य का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, ट्रक (नंबर JK20B 9578) माहौर की ओर जा रहा था। जैसे ही वह मलाई नाला पार कर रहा था, तभी अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और मिट्टी ट्रक पर गिर गई। भूस्खलन इतना जबरदस्त था कि पूरा ट्रक उसकी चपेट में आ गया।
हादसे की सूचना मिलते ही माहौर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। घायलों को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र माहौर लाया गया। गंभीर रूप से घायल शाहबाज अहमद (निवासी जमलान) को सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल दरमाड़ी रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों की पहचान जावेद (निवासी कन्सूली) और अब्दुल गनी (निवासी माहौर) के रूप में हुई है। दोनों का इलाज जारी है। हादसे से आक्रोशित होकर दरमाड़ी के स्थानीय लोगों ने टीसीपी चौक पर प्रदर्शन किया और रास्ता बंद कर दिया।