Jammu-Kashmir: एक भयानक आग लगने की घटना सामने आई है। 8 और 9 सितंबर की दरम्यानी रात बारामूला इलाके के द्रंगबल में भीषण आग लगने की घटना हुई। इस दौरान मोहम्मद रफीक अखून नामक निवासी का एक मंजिला मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, मोहम्मद रफीक अखून एक बेहद गरीब परिवार से ताल्लुक रखते हैं और इस दुखद हादसे ने उन्हें और उनके परिवार को पूरी तरह बेघर और असहाय बना दिया है।
अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा, जम्मू-कश्मीर पुलिस और स्थानीय नागरिक मौके पर पहुँचे और आग पर काबू पाने की पूरी कोशिश की, लेकिन तब तक घर पूरी तरह जल चुका था। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग लगने के कारणों की जाँच जारी है। स्थानीय लोगों ने ज़िला प्रशासन और आम जनता से प्रभावित परिवार को तत्काल आर्थिक और अन्य सहायता प्रदान करने की अपील की है ताकि वे अपना जीवन फिर से शुरू कर सकें।
Tags: