फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। तहसील ठाकराकोट के गांव चंकाह का रहने वाला अमन सिंह युद्धग्रस्त यूक्रेन के खारकीव शहर के मेट्रो स्टेशन में शरण लिए हुए है। बाहर धमाके हो रहे हैं। शुक्रवार की रात परिजनों ने उससे फोन पर बात की थी। इसके बाद से उसका फोन बंद आ रहा है। परिजन काफी परेशान हैं और उसके जल्दी घर लौटने की कामना कर रहे हैं। अमन के पिता डॉ. राजेंद्र सिंह यहां चिकित्सक हैं जबकि मां गृहणी।

परिजनों के अनुसार, अमन यूक्रेन में तीन वर्षों से एमबीबीएस की पढ़ाई कर रहा है। शुक्रवार रात अमन ने फोन पर बताया था कि वह लगभग एक हजार लोगों के साथ एक मेट्रो स्टेशन के तहखाने में शरण लिए हुए है। बाहर धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है। उसके साथ कई भारतीय भी हैं। हालात गंभीर हैं। खाने- पीने का सामान उपलब्ध नहीं है, और शहर में मौसम खराब होने के कारण तापमान भी शून्य डिग्री से नीचे चला गया है।
हंगरी व पोलैंड के रास्ते स्वदेश लाने का आश्वासन
अमन के एक और संबंधी दिनेश ठाकुर ने बताया कि भारतीय दूतावास से उनकी बात हुई है। वहां के एक अधिकारी ने बताया कि पोलैंड और हंगरी के रास्ते भारत लाने के प्रयास जारी हैं। अमन से बात होने और उसके बाद फोन बंद हो जाने के बाद अमन के परिजन व्याकुल हो गए हैं। वे अमन के सुरक्षित स्वदेश लौटने की कामना कर रहे हैं।
Tags: