घाटी में भारी बारिश की वजह से कुछ देर रोकी गई अमरनाथ यात्रा, मौसम में सुधार होते ही बहाल

अमरनाथ यात्रा शनिवार को एक बार फिर खराब मौसम के चलते प्रभावित हुई।

Update: 2022-07-17 03:46 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। अमरनाथ यात्रा शनिवार को एक बार फिर खराब मौसम के चलते प्रभावित हुई। यात्रा को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा। हालांकि बाद में मौसम में सुधार के बाद यात्रा को दोबारा बहाल कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले के सोनमर्ग में स्थित बालटाल आधार शिविर से तड़के जत्थे को रवाना किया गया, लेकिन भारी बारिश के चलते यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित करना पड़ा। यात्रियों को आधार शिविर में रहने के निर्देश दिए गए थे। जम्मू कश्मीर सूचना विभाग की ओर से किए गए ट्वीट में कहा गया कि यात्रा को एक बार फिर से शुरू कर दिया गया है। इससे शिव भक्तों में काफी उत्साह देखने को मिला।
वहीं, जम्मू स्थित भगवती नगर यात्री निवास से शनिवार सुबह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में 223 वाहनों में 5838 अमरनाथ यात्रियों का 17वां जत्था पहलगाम और बालटाल के लिए बम बम भोले के जयकारों के साथ रवाना हुआ।
पहलगाम मार्ग के लिए रवाना हुए 3291 यात्रियों में से 2432 पुरुष, 700 महिलाएं, 15 बच्चे, 101 साधु और 43 साध्वी शामिल थीं। वहीं बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुए 2547 श्रद्धालुओं में से 1648 पुरुष, 857 महिलाएं, 42 बच्चे शामिल थे।
जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से यात्रा शुरू होने से अब तक एक लाख के करीब शिवभक्त अमरनाथ यात्रा पर आगे के पड़ावों के लिए रवाना हो चुके हैं। वहीं आधिकारिक रिकॉर्ड के अनुसार 1.62 लाख के करीब श्रद्धालु अभी तक श्री अमरनाथ की पवित्र गुफा में हिमलिंग के दर्शन कर चुके हैं। 29 जून से शुरू हुई श्री अमरनाथ यात्रा 11 अगस्त को संपन्न होगी।
Tags:    

Similar News