बुराड़ी के एक ही परिवार के 6 लोगों की दर्दनाक मौत, दो बच्चे अस्पताल में भर्ती
JAMMU जम्मू-कश्मीर: कटरा स्थित माता वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर हुए भूस्खलन हादसे ने दिल्ली के बुराड़ी क्षेत्र की केशव नगर कॉलोनी में मातम फैला दिया है। इस दर्दनाक घटना में एक ही परिवार और उनके रिश्तेदारों को मिलाकर 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे अब भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं। जानकारी के अनुसार, बुराड़ी के केशव नगर निवासी 45 वर्षीय अजय, उनका छोटा भाई 38 वर्षीय राजा, राजा की पत्नी पिंकी और उनकी 12 वर्षीय बेटी दीपांशी हादसे का शिकार हो गए। इसके साथ यात्रा पर गई रिश्तेदारों की दो बेटियां—17 वर्षीय तानिया और 23 वर्षीय पुकार (निवासी गाजियाबाद) भी मौके पर ही मारे गए। परिवार के साथ यात्रा पर गई बुजुर्ग राजकुमारी और एक छोटी बच्ची सुरक्षित बच गईं। राजकुमारी पालकी में थीं और बच्ची को भी पालकी में बिठाया गया था, जिससे वे भूस्खलन की चपेट में नहीं आईं।
हादसे के बाद अब इस घर में सिर्फ बुजुर्ग माता-पिता और दो छोटे बच्चे ही बचे हैं। परिवार के सदस्यों ने बताया कि हादसे ने उनकी पूरी दुनिया उजाड़ दी है। दो बच्चों में से एक बच्चा अब भी आईसीयू में भर्ती है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। परिजनों ने प्रशासन पर आरोप लगाया कि आपदा के बाद उन्हें पर्याप्त मदद नहीं मिली। शवों के अंतिम संस्कार के समय भी कोई आर्थिक सहायता नहीं दी गई और शमशान घाट की फीस रिश्तेदारों को मिलकर चुकानी पड़ी। परिवार का कहना है कि आपदा प्राकृतिक थी, लेकिन उसके बाद परिवार की देखभाल करना प्रशासन की जिम्मेदारी है, जो अब तक पूरी नहीं की जा रही।
हादसे ने न केवल दिल्ली के इस परिवार को बर्बाद किया है, बल्कि आसपास के मोहल्लों में भी शोक की लहर फैला दी है। स्थानीय निवासी और रिश्तेदार हादसे के बाद परिवार की मदद के लिए जुटे हैं, लेकिन वे भी प्रशासन की कमी पर निराशा जताते हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक इस घटना के प्रभावित परिवार के लिए राहत और पुनर्वास की कोई ठोस योजना सामने नहीं आई है। मृतक परिवार के परिजन न्याय और सहायता की उम्मीद कर रहे हैं, ताकि वे इस आपदा से उबर सकें और बचे बच्चों का भविष्य सुरक्षित हो।