हाटी समुदाय के हक में फैसले का स्वागत, जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर लगाए आरोप
संसद से कानून बनने के बाद भी करना पड़ा दो साल इंतजार, हाटी समुदाय की जीत पर बोले जयराम
मंडी: हिमाचल प्रदेश के हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा देने के खिलाफ दायर सभी याचिकाएं हाईकोर्ट द्वारा खारिज किए जाने पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने खुशी जताई है। उन्होंने इस फैसले का स्वागत करते हुए हाटी समुदाय को बधाई दी और इसे छह दशक लंबे संघर्ष की बड़ी जीत बताया।
जयराम ठाकुर ने कहा कि संसद से कानून बनने के बावजूद समुदाय को अपने अधिकारों के लिए दो साल और इंतजार करना पड़ा। उन्होंने हाटी समुदाय के धैर्य, अनुशासन और शांतिपूर्ण आंदोलन की सराहना की।
उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद भी कानून को अधिसूचित करने में पांच महीने से अधिक की देरी हुई और सुक्खू सरकार ने प्रक्रिया में अड़चनें पैदा कीं। जयराम ने कहा कि हाटी समुदाय के अधिकारों की लड़ाई में उन्होंने भी अपनी ओर से पूरा प्रयास किया।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और केंद्र सरकार का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से समुदाय को यह अधिकार मिल सका।