मंडी: हिमाचल प्रदेश में आगामी सर्दियों के दौरान संभावित भारी बर्फबारी और शीतलहर से निपटने के लिए मंडी जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त अपूर्व देवगन ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए।

प्रशासन ने दूरदराज और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बिजली, पेयजल, राशन, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया है। अधिक बर्फबारी की आशंका वाले क्षेत्रों में 84 उचित मूल्य की दुकानों को चिह्नित कर पर्याप्त राशन का अग्रिम भंडारण किया गया है।

उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को जीवन रक्षक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और सभी विभागों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बर्फबारी का अलर्ट जारी होने पर कोई भी संबंधित अधिकारी या कर्मचारी बिना अनुमति अपना कार्यक्षेत्र नहीं छोड़ सकेगा।

Tags: