वीरभद्र मॉडल ने कर्ज में डुबोया प्रदेश, सरकाघाट में सीएम का कांग्रेस पर तीखा हमला

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कुछ लोग कह रहे हैं कि उन्होंने वर्षों राज किया है, लेकिन वर्षों राज करने से कुछ नहीं होता। कु

Update: 2022-09-19 04:47 GMT

न्यूज़ क्रेडिट : divyahimachal.com

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि कुछ लोग कह रहे हैं कि उन्होंने वर्षों राज किया है, लेकिन वर्षों राज करने से कुछ नहीं होता। कुछ लोग लंबे-लंबे भाषण दे रहे हैं और वीरभद्र सिंह मॉडल की बात कह रहे हैं, लेकिन यह मॉडल क्या है। आज इसी मॉडल की वजह से हिमाचल प्रदेश बेरोजगारी और कर्जे के बोझ के नीचे दबा हुआ है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को सरकाघाट में आयोजित 'प्रगतिशील हिमाचल: स्थापना के 75 वर्ष समारोह' के अवसर पर लोगों को संबोधित करते ये बाते कहीं। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वीरभद्र सिंह मॉडल ने हिमाचल प्रदेश को 10 लाख बेरोजगारों की फौज और 70 हजार करोड़ का कर्जा दिया है। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र में लगभग 62 करोड़ रुपएलागत की विकासात्मक परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस वीरभद्र सिंह मॉडल की बात न की जाए, तो ही बेहतर होगा। सीएम ने कहा कि आज सरकार लोगों के विकास, गरीबों के लिए और आम जनता के लिए काम कर रही है।

सरकार पहले दिन से जनता के लिए काम कर रही है। हमने रिवाज पहले दिन से बदला है। सरकार आज रिवाज बदलने की बात नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की विकास यात्रा में भाजपा सरकार के वर्तमान कार्यकाल को विकास के रूप में देखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाओं से प्रदेशवासी व्यापक रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि जो पार्टी राज्य में दशकों तक सत्ता में रहने के बाद भी रोजगार के अवसर सृजित करने में भी विफल रही है। वह पार्टी आज बेरोजगारी को लेकर यात्राएं निकाल रही है। इस अवसर पर विधायक कर्नल इंद्र सिंह ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए। इस अवसर पर जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर, उपायुक्त मंडी अरिंदम चौधरी, पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि, भाजपा के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित रहे। (एचडीएम)
किसी अच्छे पंडित को जंत्री दिखाए कांग्रेस
कांग्रेस पार्टी पूरे देश भर से समाप्त हो गई है और अब वे हिमाचल प्रदेश में अपने लिए जगह बनाने में लगे हैं जो कि संभव नहीं होगा। आज कल के दौर में श्राद्ध यानी पितृ पक्ष चले हैं, लेकिन कांग्रेस के लिए अभी का समय बहुत ही खराब है। ऐसे में कांग्रेसियों को अपनी जंत्री किसी अच्छे पंडित या विद्वान को दिखानी चाहिए।
गरीब का दर्द बड़े लोग नहीं जानते
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि बड़े लोगों को क्या मालूम है कि गरीब के परिवार का जब कोई सदस्य बीमार हो जाता है, तो कैसे उसका इलाज करवाया जाता है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कहा कि बहुत वर्ष पहले उनकी मां जब बीमार हो गई थी तो उनका इलाज परिवार ने कर्ज लेकर करवाया और कई महीनों तक परिवार के लोग कर्ज चुकाते रहे, लेकिन बड़े लोगों को क्या मालूम कि गरीब का दर्द क्या होता है। इसीलिए प्रदेश सरकार ने आयुष्मान भारत योजना के साथ हिम केयर योजना को जोड़ा है।
पांगणा में कालेज खोलने की घोषणा
सीएम जयराम ठाकुर ने करसोग में लगभग 90 करोड़ रुपए की 33 परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास किए। इसके सीएम ने पांगणा में डिग्री कालेज खोलने, डिग्री कालेज करसोग में एमए इतिहास और एमएससी की कक्षाएं आरंभ करने की घोषणा की। उन्होंने धार में आयुर्वेदिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने, पशु औषधालय तत्तापानी को पशु चिकित्सा अस्पताल में स्तरोन्नत करने, अशला में उपतहसील, शंश और पोखी में स्वास्थ्य उपकेंद्र खोलने और खान्योल बगड़ा में वन निरीक्षण कुटीर के निर्माण की भी घोषणा की।
कांग्रेस का तंबू इधर-उधर जिधर से भी देखो उखड़ रहा है। भाजपा पूरे देश में जनता का विश्वास हासिल करते हुए सभी प्रदेशों में निरंतर मजबूत होती जा रही है। यह बात रविवार को प्रगतिशील हिमाचल के स्वर्णिम 75 वर्ष के करसोग समारोह के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हजारों लोगों को संबोधित करते हुए कही। रविवार को प्रगतिशील हिमाचल के करसोग समारोह में उन्होंने विपक्ष को कड़े हाथों लेते हुए कहा कि जो लोग ऐसे स्वर्णिम 75 वर्ष के समारोह का विरोध जता रहे हैं उनको बताना चाहते हैं कि इसके माध्यम से जनता से सीधा मिलन हो रहा है और जनता का आभार प्रकट करना सरकार का दायित्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक कठिन दौर से गुजर रही है क्योंकि एक तरफ कांग्रेस 'भारत जोड़ो यात्रा' आयोजित कर रही है, वहीं दूसरी ओर गोवा के कांग्रेस विधायक, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद हिमाचल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष पवन काजल और मौजूदा विधायक लखविंदर राणा ने 'कांग्रेस छोड़ो' अभियान शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि अब प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता राम लाल ठाकुर ने भी कांग्रेस नेतृत्व पर भाई-भतीजावाद और अपनी-अपनी दावेदारी के आरोप लगाते हुए पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी गेहूं के आटे को भी लीटर में मापते हैं, जो आम आदमी के मुद्दों के प्रति उनकी अज्ञानता को दर्शाता है। जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा प्रदेश के गठन के 75 साल के आयोजन कांग्रेस नेताओं को रास नहीं आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस उत्सव को आयोजित करने का एकमात्र उद्देश्य हिमाचल प्रदेश को विकास के मामले में देश का अग्रणी राज्य बनाने में यहां के लोगों की भूमिका और योगदान के लिए उनका आभार व्यक्त करना है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि प्रदेश में कांग्रेस बेरोजगारी के खिलाफ 'यात्रा' का आयोजन कर युवाओं को गुमराह कर रही है, परंतु युवा इनके बहकावे में नहीं आने वाले हैं।
कांग्रेस कार्यकाल में बढ़ी बेरोजगारी
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि बेरोजगारी कांग्रेस के कार्यकाल में बढ़ी है। वर्तमान में कांग्रेस के नेता युवा रोजगार यात्रा के जरिए लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, जिन्हें यह समझ लेना चाहिए कि वर्तमान भाजपा सरकार ने विभिन्न विभागों में हजारों युवाओं को नौकरियों के द्वार खोले हैं।
Tags:    

Similar News