मंडी: लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि सरदार पटेल विश्वविद्यालय मंडी को बंद नहीं किया जाएगा और न सरकार की ऐसी कोई मंशा है, लेकिन भर्तियों में हुई गड़बड़ी की जांच सरकार जरूर करवाएगी। अगर ऐसा हुआ है, तो इसकी जांच करवाना सरकार का नैतिक कत्र्तव्य भी है। मंडी में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर नेता प्रतिपक्ष बनते ही अपने स्वभाव के विपरीत व्यवहार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री प्रदेश में भ्रम का माहौल फैलाने में लगे हुए हैं। जयराम ठाकुर को मालूम होना चाहिए कांग्रेस के पास उनसे 13 विधायक ज्यादा हैं। सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। विक्रमादित्य ने कहा कि लोकनिर्माण विभाग के क्वालिटी कंट्रोल विंग को मजबूत करने की आवयक्ता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारियों से हुई बैठक में उन्हें काम करने की खुली छूट दी गई है। जहां-जहां भी पुल टूटे हैं वहां पर ठेकेदारों पर ही घाटे को दूर करने जिम्मेदारी डाली गई है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि पूर्व सरकार के दौरान केंद्रीय सडक़ परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने एक ही दिन में 69 एनएच घोषित किए थे, जो कागजों में ही सिमट कर रह गए हकीकत की जमीन पर उतर नहीं पाए। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से सवाल किया कि वे बताएं 69 राष्ट्रीय उच्च मार्गों का क्या हुआ। प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के लिए भी नई नीतियों व योजनाएं प्रदेश सरकार ला रही है। इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रकाश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस महासचिव चेतराम ठाकुर एवं हरेंद्र सेन, नाचन से पूर्व प्रत्याशी नरेश चौहान व अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नई तकनीक से भरेंगे गढडे्, मंडी से चलेगा पायलट प्रोजेक्ट
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि सडक़ों में पड़े गड्ढों को भरने के लिए नई तकनीक का सहारा लिया जाएगा। आधुनिक मशीन के जरिये यह काम भविष्य में होगा। इससे रातों रात सडक़ों के गढडे् काफी कम समय में भरे जा सकेंगे। उन्होंने कहा कि विभाग इस पर काम कर रहा है और इसके लिए पायलट प्रोजेक्ट मंडी से ही चलेगा।
Tags: