Una: तलवार की नोंक पर पेट्रोल पंप से हजारों रुपए की नकदी लूटी, पुलिस ने 2 अपराधियों को किया गिरफ्तार
Una ऊना: हरोली क्षेत्र के अंतर्गत टाहलीवाल-संतोषगढ़ मार्ग पर टाहलीवाल के जियो पेट्रोल पंप पर हुई लूट व मारपीट मामले में पुलिस ने पंजाब से 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। टाहलीवाल पुलिस की टीम एसएचओ रिंकू सूर्यवंशी के नेतृत्व में पिछले 4 दिनों से पंजाब में दबिश दे रही थी और आखिरकार पंजाब पुलिस की मदद से आरोपियों को गढ़शंकर से गिरफ्तार कर लिया गया। बता दें कि 5 दिन पहले बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश बदमाशों ने तलवार लहराते हुए पेट्रोल पंप पर हमला कर दिया था। उन्होंने पेट्रोल पंप कर्मियों से 60 हजार रुपये की नकदी लूट ली थी और विरोध करने पर एक कर्मचारी को तलवार से गंभीर रूप से घायल कर दिया था। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक लेकर टाहलीवाल की तरफ फरार हो गए थे।
इसके बाद पेट्रोल पंप मालिक वलवंत ठाकुर ने टाहलीवाल थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी। यह मामला पुलिस के लिए किसी पहेली से कम नहीं था, क्योंकि आरोपियों ने अपने चेहरे ढके हुए थे और उनकी बाइक पर भी नंबर प्लेट नहीं थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए उनकी बॉडी लैंग्वेज, कद-काठी और चलने के अंदाज से उनकी पहचान की। इसके बाद टाहलीवाल पुलिस ने पंजाब पुलिस की मदद से गढ़शंकर और नवांशहर में जाल बिछाकर दोनों को पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान मनप्रीत सिंह (26) पुत्र बलविंदर सिंह, गांव और डाकघर डगाम, तहसील गढ़शंकर, जिला होशियारपुर पंजाब और दलविंदर सिंह (26) पुत्र गुरमेल सिंह, गांव और डाकघर मंगूवाल, तहसील और जिला नवांशहर, पंजाब के रूप में हुई है।