Una ऊना: उपमंडल अंब के तहत नाहरी खालसा में एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार रविवार देर शाम ग्राम पंचायत नाहरी नौरंगा के वार्ड नंबर-5 में घर से करीब आधा किलोमीटर की दूरी पर एक कुएं के पास एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ और मौके पर बंदूक पड़ी थी। बताया जा रहा है कि गोली की आवाज सुनकर गांव में सन्नाटा पसर गया। पुलिस हर एंगल से जांच में जुट गई है कि उसने आत्महत्या की है या फिर उसकी मौत का कोई और कारण है।
बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान राजीव कुमार (47) पुत्र रानिया राम निवासी टिहरी, खुंडियां ज्वाला जी कांगड़ा के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ अपने ससुराल में रहता था और बद्दी में काम करता था। मौके से बरामद बंदूक मृतक के साले राकेश कुमार के नाम पर पंजीकृत बताई जा रही है। एएसपी ऊना संजीव भाटिया ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।