शिमला में ट्रैफिक जाम से जल्द मिलेगी निजात, फ्लाई ओवर की जगह अब खलीनी में बनेगा डबललेन फ्लाईओवर

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के खलीनी चौक पर सुबह शाम लगने वाले यातायात जाम से अब शहरवासियों को नहीं जूझना पड़ेगा।

Update: 2022-04-02 03:14 GMT

फाइल फोटो 

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के खलीनी चौक पर सुबह शाम लगने वाले यातायात जाम से अब शहरवासियों को नहीं जूझना पड़ेगा। स्मार्ट सिटी मिशन के तहत प्रस्तावित सिंगल लेन फ्लाई ओवर की जगह अब यहां डबललेन फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। खलीनी चौक पर तीन तरफ से भारी संख्या में होने वाली वाहनों की आवाजाही को देखते हुए यह फैसला लिया है। पहले यहां करीब चार मीटर चौड़े फ्लाईओवर निर्माण की योजना थी। लेकिन अब साढ़े आठ मीटर चौड़े डबल लेन फ्लाईओवर का निर्माण होगा। 220 मीटर लंबे बनने वाले इस फ्लाईओवर पर फुटपाथ की सुविधा भी रहेगी।

सिंगल पिलर पर बनने वाला यह फ्लाईओवर खलीनी टुटीकंडी बायपास सड़क को फॉरेस्ट रोड के पास टॉलैंड सड़क से जोड़ेगा। शहरी विकास विभाग के सचिव के निर्देश पर केंद्रीय लोक निर्माण विभाग ने इस प्रोजेक्ट में बदलाव किया है। विभाग ने डबललेन फ्लाईओवर की ड्राइंग भी लगभग तैयार कर दी है। अगले हफ्ते इसे मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। प्रोजेक्ट पर पहले करीब दस करोड़ रुपये खर्च होने थे। अब चौड़ाई बढ़ने पर लागत डेढ़ से दो करोड़ बढ़ जाएगी। स्मार्ट सिटी प्रबंधन ने यह अतिरिक्त पैसा देने को हामी भर दी है।
फ्लाईओवर बनने से बदलेगी यातायात व्यवस्था
फ्लाईओवर बनने से खलीनी में यातायात व्यवस्था भी बदल जाएगी। बीसीएस और टॉलैंड की ओर से आने वाले वाहनों को खलीनी चौक नहीं जाना पड़ेगा। यह फ्लाईओवर से रवाना होंगे। टुटीकंडी आईएसबीटी की ओर से आने या जाने वाले वाहन ही खलीनी चौक पर जाएंगे और राउंड लेकर रवाना हो जाएंगे। इसी तरह टॉलैंड की ओर से बीसीएस पंथाघाटी जाने वाले वाहन भी फ्लाईओवर से ही रवाना होंगे।
अगले हफ्ते तक सौंप देंगे प्लान : अभियंता
खलीनी में डबल लेन फ्लाईओवर का प्रस्ताव और ड्राइंग लगभग तैयार कर दी है। इसे अंतिम रूप देकर अगले हफ्ते मंजूरी के लिए स्मार्ट सिटी प्रबंधन को भेजा जाएगा।
सिंगल की जगह बनेगा डबललेन : महाप्रबंधक
इस सड़क पर वाहनों की भारी आवाजाही को देखते हुए सचिव ने यहां डबललेन फ्लाईओवर बनाने के निर्देश दिए थे। जल्द ही इसका निर्माण कर जनता को यातायात जाम से राहत दी जाएगी।-ब्रह्म प्रकाश, महाप्रबंधक, शिमला स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट
Tags:    

Similar News

-->