हिमाचल में आज रैलियोंं का रविवार, राहुल गांधी करेंगे BJP पर सियासी वार

Update: 2024-05-29 10:02 GMT
हिमाचल प्रदेश में वोटिंग को लेकर काउंट डाउन शुरू हो गया है। भाजपा और कांग्रेस दोनों प्रमुख दलों के स्टार प्रचारक मैदान में उतर कर अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैलियों का जवाब देने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी आज हिमाचल में दो रैलियों को सम्बोधित करेंगे। राहुल गांधी की एक रैली उसी स्थान पर होगी जहां दो दिन पहले पीएम मोदी ने रैली की थी। राहुल गांधी सुबह 11 बजे शिमला संसदीय क्षेत्र के तहत नाहन पहुंचकर कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी जगह बीते 24 मई को पीएम मोदी की रैली हुई थी। दोपहर एक बजे के आसपास राहुल गांधी हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के ऊना पहुंचेंगे और कांग्रेस प्रत्याशी सतपाल रायजादा के पक्ष में जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री ने 24 मई को नाहन के चौगान में की थी रैली नाहन और ऊना में राहुल गांधी की रैली को कांग्रेस अहम मान रही है। 24 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाहन के चौगान में रैली को संबोधित कर भाजपा के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया था और इस दौरान उन्होंने कांग्रेस समेत इंडी गठजोड़ पर जमकर निशाना साधा था। पीएम ने इंडी गठजोड़ पर एससी, एसटी और ओबीसी का आरक्षण खत्म कर मुसलमानों को देने का आरोप लगाया था। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश की सुक्खू सरकार को तलाबाज़ सरकार करार देते हुए कहा था कि इस सरकार का कोई भविष्य नहीं है और यह ज्यादा समय तक चलने वाली नहीं है। ऐसे में अब माना जा रहा है कि राहुल गांधी मोदी के आरोपों व सवालों का जवाब दे सकते हैं। बता दें कि हिमाचल में लोकसभा चुनाव और छह सीटों पर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राहुल गांधी का राज्य में पहला चुनावी दौरा है।
प्रदेश में आखिरी चरण में पहली जून को मतदान होगा। शिमला संसदीय क्षेत्र में राहुल गांधी की रैली के जरिये कांग्रेस अपने पक्ष में हवा बनाना चाह रही है। शिमला लोकसभा सीट कांग्रेस का गढ़ रहा है। यहां कांग्रेस ने लगातार छह बार जीत का रिकॉर्ड बनाया है। हालांकि पिछले तीन लोकसभा चुनाव से इस सीट पर भाजपा जीत रही है। कांग्रेस के समक्ष भाजपा के इस विजय रथ को तोड़ने की चुनौती होगी। कांग्रेस ने यहां से युवा चेहरे व विधायक बिनोद सुल्तानपुरी को उतारा है, जो यहां से लगातार छह बार सांसद का चुनाव जीतने वाले स्वर्गीय केडी सुल्तानपुरी के पुत्र हैं। बिनोद सुल्तानपुरी का मुकाबला निवर्तमान सांसद व भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप से है। हमीरपुर सीट पर अनुराग ठाकुर को घेरने की तैयारी वहीं, हमीरपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस ने पूर्व विधायक सतपाल रायजादा को उतारा है, जिनकी टक्कर भाजपा के दिग्गज नेता व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर से है। अनुराग ठाकुर लगातार चार बार जीत का परचम लहरा चुके हैं। मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री के इसी संसदीय क्षेत्र से होने के कारण कांग्रेस की प्रतिष्ठा दांव पर है। अहम बात यह है कि छह में से चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव भी हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में हो रहे हैं। कांग्रेस को उम्मीद है कि राहुल गांधी की रैली से यहां कांग्रेस को मजबूती मिलेगी।
Tags:    

Similar News

-->