ठगों ने 4 महीने में बना डाले इतने बड़े अफसरों के फर्जी अकाउंट

Update: 2023-02-09 12:05 GMT
शिमला। हिमाचल में साइबर अपराधियों ने आतंक मचाया हुआ है। आम जनता ही नहीं, सोशल मीडिया पर सूबे के राजनेताओं से लेकर बड़े अधिकारी भी साइबर ठगों के निशाने पर हैं। साइबर ठग मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना और केंद्रीय विवि धर्मशाला के कुलपति के साथ सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के फर्जी अकाउंट बनाकर इनके रिश्तेदारों और लोगों से पैसों की मांग कर चुके हैं। बता दें कि व्हाट्सएप पर भी लिंक भेजकर लोगों से ठगी कर रहे हैं।
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का भी फेसबुक अकाउंट दो-दो बार हैक हो चुका है। पूर्व मंत्री सुखराम चौधरी और पूर्व परिवहन मंत्री बिक्रम ठाकुर के नाम से भी साइबर ठग लोगों से ठगी कर चुके हैं। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप का भी फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाया जा चुका है। चार महीने के भीतर सोशल मीडिया पर 43 अफसरों के फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाए जा चुके हैं। इनमें जिला उपायुक्तों के साथ, पुलिस अधीक्षक और सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। चार महीने में साइबर थाने में ठगी की 500 शिकायतें दर्ज हुई हैं। कई मामले दर्ज भी किए गए हैं।
हिमाचल में हर जिले में साइबर थाना खोलने की तैयारी शुरू हो गई थी। पहले चरण में मंडी और धर्मशाला में साइबर थाने खोले गए थे। इनमें स्टाफ भी मुहैया करवाया गया था। इसके बाद सत्ता में आते ही सुक्खू सरकार ने ये दोनों थाने बंद कर दिए। अब शिमला में ही हिमाचल का एकमात्र साइबर थाना है। इस थाने में प्रतिदिन साइबर अपराध से जुड़ीं 30 से 35 शिकायतें दर्ज हो रही हैं।
Tags:    

Similar News

-->