Sirmaur सिरमौर: विकास खंड नाहन के अंतर्गत काला अंब-पांवटा साहिब हाईवे पर शंभूवाला के समीप रविवार को एक ढाबे में आग लग गई, जिससे लाखों का नुकसान हो गया। यह घटना हिल वे नाम से चल रहे ढाबे में पेश आई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। इस घटना में ढाबा मालिक को करीब 6 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। जानकारी के अनुसार आदर्श दमकल केंद्र नाहन को दोपहर करीब 1 बजे इस घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही टीम तुरंत मौके पर पहुंची। हालांकि टीम के पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने आग पर काफी हद तक काबू पा लिया था। बाकी बची आग पर विभाग की टीम ने काबू पा लिया।
टीम में दमकलकर्मी जय प्रकाश, निरंजन सिंह, मान सिंह और चालक कंवर सिंह शामिल थे। इस ढाबे को प्रवीण कुमार पुत्र स्वरूप सिंह निवासी बनकला चला रहा था। इस घटना में ढाबे में रखा फर्नीचर, एलईडी, 4 फ्रिज, कुर्सियां, कूलर व अन्य जरूरी सामान जलकर नष्ट हो गया। ढाबा मालिक प्रवीण कुमार ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है, ताकि वह अपना कारोबार फिर से शुरू कर सकें। उधर, स्टेशन फायर ऑफिसर नाहन राज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
Tags: