Shimla: बदलेगा मौसम, 17 से रहेगा ऑरेंज अलर्ट

Update: 2025-04-15 04:20 GMT
Shimla : मैदानी इलाकों में तापमान फिर से बढ़ने लगा है। सोमवार को राजधानी शिमला में हल्के बादलों के साथ चटक धूप खिलने के बावजूद तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ा, लेकिन मैदानी इलाके फिर से तपने लगे हैं। सोमवार को ऊना में अधिकतम तापमान 36 डिग्री पहुंच गया, जबकि राजधानी शिमला में 23.8 डिग्री रहा। इसके अलावा सुंदरनगर, भुंतर, नाहन, कांगड़ा, मंडी, बिलासपुर, धौलाकुआं, बरठीं और बजौरा में अधिकतम तापमान 30 डिग्री के पार पहुंच गया है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जो अधिकतम तापमान पर फिर से ब्रेक लगाएगा।
इसकी शुरुआत सोमवार से दो दिन तक एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश के येलो अलर्ट से होगी। 17 अप्रैल से अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश, बिजली के साथ अंधड़, ओलावृष्टि और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। 18 और 19 अप्रैल को अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जिसका असर 20 अप्रैल को भी रहेगा और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होगी। 16 और 17 अप्रैल को प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है, लेकिन 18 और 19 को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है और लोगों समेत पर्यटकों के लिए भी एडवाइजरी जारी की गई है।
पहले येलो और फिर ऑरेंज अलर्ट के चलते आने वाले दिनों में बारिश और बर्फबारी के चलते न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट आने की संभावना है। हालांकि मैदानी इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी हुई है, लेकिन ऊंचे पहाड़ी इलाकों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ऐसे में जहां मैदानी इलाकों के लोगों को बारिश और बर्फबारी फिर शुरू होने से तापमान में कमी आने से राहत मिलेगी, वहीं उच्च पर्वतीय इलाकों के लोगों की मुश्किलें फिर बढ़ सकती हैं।
Tags:    

Similar News