Shimlaशिमला: हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपनगर ढली से कुछ ही दूरी पर हसन घाटी में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एचएनटी-5 पर एचआरटीसी की बस और निजी ट्रक में आमने-सामने की टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए। हादसा दोपहर करीब 12:45 बजे उस समय हुआ जब बस एक वाहन को ओवरटेक कर रही थी और इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से जा टकराई। हादसे में एक व्यक्ति के दोनों पैर टूट गए हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद तुरंत आईजीएमसी रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही ढली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस और प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया है। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि बस ओवरटेक करने के दौरान ट्रक से टकराई। हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। स्थानीय प्रशासन और परिवहन विभाग भी मामले पर नजर रखे हुए हैं।